लाकडाउन का दिख रहा असर,,,सड़को पर पसरा सन्नाटा

# Admin | 26 Sep, 2020

"लाकडाउन" का दिख रहा असर,,,सड़को पर पसरा सन्नाटा 

◆ जांजगीर- चाम्पा में लाकडाउन के पहले दिन और बिलासपुर में चौथे दिन का नजारा।

◆ जरूरी सेवाओं से संबंधित वाहनों की ही रही आवाजाही।

मिशन क्रांति न्यूज. जांजगीर-चांपा/ बिलासपुर। बढ़ते कोरोना संक्रमण की रोकथाम व बचाव के लिए जांजगीर में 25 सितंबर से 1 अक्टूबर तक लाकडाउन किया गया है। यहां सभी निकाय सहित 37 गांव कंटेनमेंट जोन घोषित है। जिसका पहले दिन असर दिखा । शहर में दिनभर सन्नाटा पसरा रहा। आवश्यक सेवा से संबंधित लोग ही वाहनों से आवाजाही करते नजर आए। पुलिस चौक चौराहे पर मुस्तैद रहे। बिलासपुर जिले में भी लाकडाउन के चौथे दिन भी लाकडाउन का लोग पालन करते दिखे। जहां लोग घरों में ही रहे। शहर में वाहनों की आवाजाही ना के बराबर रही। पुलिस जगह - जगह बेरिकेट्स लगाकर आने जाने वालों से पूछताछ करते रहे। बहरहाल जांजगीर चाम्पा और बिलासपुर में लोग लाकडाउन का पालन कर रहे हैं। जांजगीर-चाम्पा और बिलासपुर जिलें में कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ते ही जा रहा है। रोजाना बड़ी संख्या में कोरोना संक्रमित मरीजों की पहचान कर कोविड केयर सेंटर में भर्ती कर उनका उपचार किया जा रहा है। जांजगीर-चाम्पा के कलेक्टर यशवंत कुमार ने कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव एवं रोकथाम तथा आमजनों की सुरक्षा के मद्देनजर नगर पालिका जांजगीर-नैला, चाम्पा, अकलतरा, सक्ती एवं नगर पंचायत बलौदा, खरौद, राहौद, शिवरीनारायण, नवागढ़, सारागांव, नया बाराद्वार जैजैपुर, अडभार, डभरा, चंद्रपुर व नगरीय निकायों से लगे 37 गांवों को कंटेनमेंट जोन घोषित कर 25 से 1 अक्टूबर तक संपूर्ण गतिविधियों पर प्रतिबंधात्मक आदेश लागू कर दिया है। वहीं बिलासपुर में भी कलेक्टर सारांश मित्तर ने कोरोना के बढ़ते संक्रमण पर रोकथाम करने 22 सितंबर से 28 सितंबर तक लाकडाउन का फरमान जारी कर संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों को इसका कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया है। कलेक्टर के निर्देश चौक चौराहों पर अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई। साथ ही कलेक्टर व एसपी द्वारा सभी क्षेत्रों में का निरीक्षण कर अधिकारियों को दिशा निर्देश जारी किया है। जिला प्रशासन द्वारा कोरोना वायरस की रोकथाम व बचाव के लिए लगातार लोगों से घरों में रहने की अपील की जा रही है। जांजगीर में जिला प्रशासन व पुलिस की टीम द्वारा जिला मुख्यालय के कचहरी चौक, नेता जी चौक, बीटीआई चौक, खोखरा चौक सहित अन्य मार्गों में बेरिकेट लगाकर सड़कों में घुमने वाले लोगों से पूछताछ की । दोपहर बाद बेवजह घूम रहे लोगों को पुलिस की टीम ने रूकवाया और उनसे चौक में उठक-बैठक कराकर दोबारा बेवजह नहीं घूमने की समझाइश दी। वहीं लोगों को घरों से नहीं निकलने की समझाइश दी। हालांकि दिन भर सड़क में भीड़ कम दिखी। ------------------------

Banner