कर्मठ कार्यकर्ता हो साथ तो विजय अभियान को रोकने की क्षमता किसी में नही : राजेश्री  महंत

# Admin | 26 Oct, 2023

🔷 मतदाताओं में दिख रहा खासा उत्साह।

मिशन क्रांति न्यूज़. रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य के मुखिया भूपेश बघेल एवं राज्य के सभी वरिष्ठ नेताओं ने दक्षिण विधानसभा क्षेत्र रायपुर के चुनाव में राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास महाराज को प्रत्याशी बनाकर लोगों के बीच कौतूहल एवं आश्चर्य का विषय बना दिया है जैसे-जैसे चुनाव की तिथि नजदीक आते जा रही है लोगों का उत्साह बढ़ते ही जा रहा है। कुछ इस तरह की बातें सामने आ रही है जिसे सुनकर मन प्रसन्न और आनंदित हो जाता है। 

मीडिया प्रभारी निर्मल दास वैष्णव ने बताया कि जैसे ही कांग्रेस ने महन्त  रामसुन्दर दास  महाराज को दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी घोषित किया तभी से सभी लोगों का ध्यान इस विधानसभा की ओर आकृष्ट हो गया है। चुनाव प्रचार अभियान के तहत पुरानी बस्ती रायपुर में जैतुसाव मठ के समीप सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। राजेश्री महन्त  महाराज इस कार्यक्रम में रात के 10:30 बजे उपस्थित हुए, मंच पर रायपुर नगर निगम के सभापति प्रमोद दुबे,अजय तिवारी, पार्षद जितेंद्र अग्रवाल सहित अनेक गणमान्यजन  उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन दाऊ महेंद्र अग्रवाल जी कर रहे थे।  

लोगों को संबोधित करते हुए पूर्व महापौर श्री दुबे जी ने कहा कि - महन्त जी श्री दूधाधारी मठ एवं श्री जैतूसाव मठ के पीठाधीश्वर हैं इनकी  ख्याति पूरे भारतवर्ष में है, इतने बड़े शख्सियत को कांग्रेस पार्टी ने अपना प्रत्याशी बनाया है रायपुर नगर के इन दो प्रसिद्ध मठों के पीठाधीश्वर होने के नाते वे हम सभी के संरक्षक और पलक भी हैं। श्री दूधाधारी मठ के द्वारा दान में दिए गए जमीन में जल घर की स्थापना हुई है जिससे पूरे शहर को पेयजल की आपूर्ति होती है।  

मठ के द्वारा दान में दिए गए जमीन में महिला महाविद्यालयों की स्थापना हुई है जिसमें हमारी बेटियां शिक्षा प्राप्त कर आगे बढ़ रही हैं, मठ के द्वारा दिए गए दान की जमीन में अंतर्राष्ट्रीय बस स्टैंड का निर्माण हुआ है जिसमें सभी लोग आवा -गमन तो करते ही हैं हजारों लोगों को रोजगार की प्राप्ति हुई है। इनके समाज सेवा का लिस्ट बहुत बड़ा है जिसे शब्दों में बता पाना मुमकिन नहीं है, 35 वर्षों के बाद हम सबको एक अच्छे व्यक्तित्व को वोट देने का अवसर मिल रहा है। 

हम सब उन्हें भारी मतों से विजई बनाएंगे। उनके इन बातों को सुनकर कार्यक्रम के संचालक अग्रवाल जी ने ठेठ छत्तीसगढ़ी भाषा में कहा कि- हमन ल एैसे लागत हे कि अभी चुनाव हों जातिस त अभी वोट डाल के आ जातेन! दाऊ जी की बातों को सुनकर लोगों ने खूब ठहाके लगाये, बाद में महन्त जी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि -दाऊ जी इतनी रात को  भी वोट डालने के लिए तैयार हैं, यदि ऐसे कार्यकर्ता हमारे साथ हैं तो फिर इस विजय अभियान को कोई रोक नहीं सकता! लोगों का इतना उत्साह मैंने कभी नहीं देखा। उल्लेखनीय है कि दक्षिण विधानसभा क्षेत्र रायपुर में अभी तक लगभग 45% से अधिक मतदान कभी नहीं हुआ,अब लोगों के उत्साह को देखकर भारी मतदान होने की संभावनाएं जताई जा रही है। 


 

Banner