दीपक बैज सहित तीन सांसद लोकसभा से निलंबित......

# Admin | 21 Dec, 2023

 

मिशन क्रांति न्यूज़ नई दिल्ली। सदन की कार्यवाही को बार-बार बाधित करने, सदन में प्ले कार्ड लेकर आने, लगातार नारेबाजी करने और कागज फाड़-फाड़कर स्टाफ पर फेंकने के मामले में गुरुवार को कांग्रेस के तीन और सांसदों डीके सुरेश, नकुल नाथ और दीपक बैज को लोकसभा से निलंबित कर दिया गया। 

लोकसभा में ‘प्रेस और पत्र-पत्रिका पंजीकरण विधेयक-2023’ पर चर्चा के दौरान केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी ने तीनों सांसदों को निलंबित करने का प्रस्ताव सदन में रखा। पीठासीन सभापति रमा देवी ने सदन द्वारा प्रस्ताव पर रजामंदी देने के बाद इसके पारित होने की घोषणा कर दी। 

बता दें कि संसद में लगातार जारी हंगामे पर कड़ी कार्रवाई करते हुए बुधवार को भी लोकसभा के 2 और मंगलवार को लोकसभा के 49 सांसदों को सदन से निलंबित कर दिया गया था। इससे पहले सोमवार को भी राज्यसभा के 45 और लोकसभा के 33 सांसदों सहित कुल 78 सांसदों को निलंबित कर दिया गया था। पिछले सप्ताह लोकसभा के 13 और राज्यसभा के एक सांसद को भी निलंबित किया गया था। दोनों सदनों में अब तक कुल मिलाकर 146 सांसद निलंबित हो चुके हैं। 

Banner