नाबालिग बेटी ने प्रेमी और मौसेरी बहन के साथ मिलकर की थी मां की हत्या...

# Admin | 30 Aug, 2020

नाबालिग बेटी ने प्रेमी और मौसेरी बहन के साथ मिलकर की थी मां की हत्या...

महिला पंचायत सचिव के अंधेकत्ल की गुत्थी सुलझाने पुलिस को मिली कामयाबी

मिशन क्रांति न्यूज बिलासपुर। छ: दिन पहले महिला पंचायत सचिव की हत्या के अंधेकत्ल की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। हत्या के मामले में पुलिस ने नाबालिग बेटी सहित तीन को गिरफ्तार किया है। बेटी ने ही अपने प्रेमी और नाबालिग मौसेरी बहन के साथ मिलकर मां की हत्या की थी। उसलापुर गुप्ता कॉलोनी स्थित निवास में मंगलवार 25 अगस्त की दोपहर पंचायत सचिव चंदना डडसेना की लाश मिली थी। मृतक मुंगेली जिले के पथरिया विकासखंड स्थित चुनचुनिया ग्राम पंचायत में सचिव थीं। मृतक के शरीर पर चोट के निशान होने पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। मृतक की नाबालिग बेटी ने बताया कि वह अपनी नाबालिग मौसेरी बहन और मंगेतर के साथ 24 अगस्त को कोटा घूमने गई थी। इसके बाद वह कोटा में ही नानी के घर रुक गई। मंगलवार की सुबह उसकी मां ने फोन नहीं उठाया तो पास में रहने वाले रामेश्वर सूर्यवंशी को घर जाकर देखने के लिए कहा था। इसके बाद उनकी लाश मिली। पंचायत सचिव की लाश मिलने के बाद पुलिस जांच कर रही थी। परिजन का बयान दर्ज करने के बाद पुलिस इसमें उलझी रही। इसी दौरान सायबर सेल की जांच में पता चला कि मृतक की नाबालिग बेटी अपनी मौसेरी बहन और प्रेमी के साथ 24 अगस्त की शाम ही कोटा से शहर वापस आ गई थी। इसके बाद वह देर रात कोटा वापस गई थी। वहीं, नाबालिग पुलिस को गुमराह करती रही। तकनीकी जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने नाबालिग के प्रेमी कोटा निवासी देवदीप गुप्ता (18 वर्ष) से कड़ाई से पूछताछ की। तब युवक ने पूरी कहानी बता दी। एसपी प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि मां की रोक-टोक से नाराज नाबालिग बेटी ने मौसेरी बहन और प्रेमी के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया था। तीनों ने मिलकर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी, उन्होंने बताया कि इसके पहले चाय में उसे नींद की ओव्हरडोज दवा दी गई थी। महिला पंचायत सचिव की हत्या के मामले में पुलिस ने नाबालिग बेटी सहित तीन को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मृतक के जेवर भी बरामद कर लिए हैं।

Banner